(ब्यूरो,न्यूज़ 1 हिंदुस्तान)
हरिद्वार। श्री ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि उन्नाव कांड के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकद्मा चलाना चाहिए तथा एक निश्चित समय सीमा के अंतर्गत उन्हें फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए। श्री ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों ने भगत सिंह चैक से प्रेमनगर घाट तक मशाल जुलूस निकालकर पुष्पाजंलि अर्पित कर पीड़िता को श्रद्धांजलि दी। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ देश भर में अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं।
छोटी छोटी बच्चियों तक के साथ हैवानियत की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया गया है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं हो रही है। जोकि पूरे देश को शर्मसार कर रही हैं। देश का वातावरण लगातार खराब हो रहा है। समाज का पतन होना चिंताजनक है। बहन बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। कार्रवाई में देरी व कानून की कमजोरियों के कारण अपराधियों के हौंसले बढ़ रहे है।
उन्नाव कांड इसका जीता जागता उदाहरण है। जमानत पर आए आरोपियों ने पीड़िता को जिंदा जलाने जैसा कदम उठाकर कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। सरकार को इसे गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे ऐसे लोगों को सबक मिले। समाजसेवी विशाल गर्ग व पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि लगातार देश में महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्नाव की घटना देश को शर्मसार करने वाली घटना है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। दोषियों को फांसी की सजा जल्द से जल्द दी जाए। उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक नागरिक बहन बेटियों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्नाव की बेटी के परिजनों के साथ देश का प्रत्येक नागरिक खड़ा है। उस परिवार को न्याय अवश्य मिलना चाहिए। इस अवसर पर सोमपाल, आर्यन उपाध्याय, चमन गिरी, नरेश कुमार, दीपक शर्मा, चंद्रपाल, प्रमोद गिरी, पंडित विष्णु, पवन, शिवम, अमित कुमार, सूरज दीक्षित आदि मौजूद रहे।
0 comments:
Post a Comment