यात्राकाल में जाम से जूझ रहे धर्मनगरी के लोग
(ब्यूरो ,न्यूज़ 1 हिन्दुस्तान )
हरिद्वार। चारधाम यात्रा अपने चरमकाल पर पहुंच चुकी है। जिसके चलते भारत के विभिन्न राज्यों से यात्री श्रद्धालु धर्मनगरी में पहुंच रहे हैं। नगर के अंदरूनी मार्गो के साथ साथ हाईवे पर भी बड़ी संख्या में वाहन पहुंच रहे हैं। ललताराव पुल से लेकर हरकी पैडी, चण्डीघाट तक सभी मार्गो पर वाहनों की भारी भीड़ है। यातायात पुलिसकर्मी भी वाहनों की आवाजाही को सुचारू रूप से प्रदान करने के लिए सड़कों पर घंटो पसीना बहा रहे हैं। हाईवे के अलावा हरिद्वार के अंदरूनी मार्ग भी वाहनों के जाम से घिरे हुए हैं। स्थानीय व्यापारियों के साथ स्थानीय निवासी भी जाम का झाम झेल रहे हैं। व्यापारी सुनील शेट्टी का कहना है कि यात्रा से पूर्व शासन प्रशासन को जाम से राहत की तैयारियां करनी चाहिए। थ्रीव्हीलकर, विक्रम, ऑटो, बैटरी रिक्शा के रूट यात्राकाल के दौरान निर्धारित किया जाना नितांत जरूरी है। सुनील शेट्टी ने कहा कि हाईवे के अलावा शहर के अंदरूनी मार्ग भी जाम की चपेट में है। उत्तरी हरिद्वार, भीमगोड़ा कुण्ड से लेकर दूधाधारी चैक तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इसका मुख्य कारण हाईवे निर्माण व शंकराचार्य चैक पर फ्लाईओवर का निर्माण तेजी से ना किया जाना मुख्य कारण है। मंशा देवी, चण्डी देवी मार्ग पर भी जाम की स्थिति बनी रहती है। कब तक स्थानीय लोग जाम की परेशानी झेलते रहेंगे। भाजपा पार्षद अनिरूद्ध भाटी का कहना है कि स्थानीय व्यापारियों व लोगों को भी जाम की स्थिति को समझना चाहिए। अपने वाहनों को संकरी सड़कों के आसपास ना खड़ा करें। क्योंकि मुख्य रूप से सड़क के किनारे खड़े वाहन जाम को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हाईवे निर्माण को लेकर समय समय पर हाईवे निर्माण में तेजी लाने के निर्देश निर्माणदायी संस्था को दे रही है। अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहनों को पार्क करें। अनाधिकृत तरीके से वाहनों को सड़कों पर ना लगाएं। यातायात पुलिसकर्मियों का सहयोग भी व्यापारियों को करना चाहिए। ललताराव पुल, चण्डी घाट आदि मार्गो पर जाम लगने की स्थिति बनी रहती है। वाहनों के जाम खुलवाने के लिए सामाजिक संस्थाओं के सदस्य व व्यापारियों को भी सड़कों पर यात्राकाल के दौरान कुछ ना कुछ समय सड़कों पर देना होगा। जबकि शहर के अंदरूनी मार्गो पर जाम के कारण घंटों स्थानीय लोग व व्यापारी भी जाम से निजात नहीं पा रहे हैं। हिलबाई पास मार्ग वाहनों के लिए नहीं खुल पा रहा है। जिन कारणों से अनेकों परेशानियां बाहर से आने वाले वाहन चालकों झेलनी पड़ रही हैं।
0 comments:
Post a Comment